रायगढ़, 19 मार्च 2026/ आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने जिला प्रशासन द्वारा तहसील मुख्यालय पुसौर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर स्थल पर सुव्यवस्थित पंजीयन काउंटर, हेल्प डेस्क, विभिन्न विभागों के स्टॉल, पेयजल एवं छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं। साथ ही आईटीआई परिसर में टीबी जांच हेतु हैंड-हेल्ड एक्सरे, आधार पंजीयन, लर्निंग लाइसेंस तथा ई-श्रम कार्ड बनाने की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में पुसौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, गणमान्य नागरिकगण एवं जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन कर विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं क्षेत्रीय विधायक एवं वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी की मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजनों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान ने इसे जिला प्रशासन की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हैं, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आई है।
विभिन्न योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अनेक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अपेक्स बैंक द्वारा 5 किसानों को केसीसी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 आयुष्मान एवं 5 वय वंदन कार्ड, 4 टीबी मरीजों को फूड बास्केट, श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को सहायता राशि एवं श्रम कार्ड, शिक्षा विभाग द्वारा 6 दिव्यांग विद्यार्थियों को टैबलेट एवं शिक्षण सामग्री, उद्यान विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को पौध वितरण तथा कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को सम्मान निधि से संबंधित प्रमाण पत्र एवं 6 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही अन्य विभागों द्वारा भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य शिविर कैम्प में सैकड़ों मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच किया गया। इसी तरह आयुष विभाग में जरूरतमंदों को निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
दिव्यांग हितग्राही को मिला संबल, खिले चेहरे
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा दर्रीपाली निवासी दिव्यांग श्री नरसिंह चौहान को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य दिव्यांग हितग्राहियों को भी वॉकिंग स्टिक एवं ट्राइसाइकिल वितरित की गई। सहायक उपकरण प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके दैनिक कार्य पहले से अधिक सुगम हो सकेंगे।










ABOUT EDITOR

Latest entries
सक्तिMarch 19, 2026ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के निराकरण हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना
रायगढ़March 19, 2026नशा: परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक
प्रशासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कर मुख्यधारा में जोड़ने किया जा रहा पहल
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश
नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में सर्वे शुरू
रायगढ़March 19, 2026तहसील पुसौर में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर
सैकड़ों ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन, कई मामलों का मौके पर निराकरण
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ, खिले चेहरे
कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन, अधिकारियों को दिए निर्देश
छत्तीसगढ़March 19, 2026नववर्ष पर अधिवक्ता परिषद ने तिलक चंदन लगा अधिवक्ताओं को दी बधाई

