रायगढ़, 18 मार्च 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में बढ़ते नशीले पदार्थों के सेवन पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत की अध्यक्षता तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा के निर्देशन में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आज रायगढ़ शहर में व्यापक निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई अभियान चलाया गया।
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. विवेक उपाध्याय के नेतृत्व टीम ने शहर के सिग्नल चौक एवं मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के आसपास स्थित पान ठेलों एवं तंबाकू विक्रेताओं की सघन जांच की। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में कोटपा एक्ट 2003 के नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर पुलिस विभाग एवं खाद्य एवं औषधि विभाग के ड्रग इंस्पेक्टरों की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 पान ठेलों पर कुल 2450 रुपये का आर्थिक दंड वसूला। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना चेतावनी के तंबाकू एवं सिगरेट की बिक्री करना तथा अनिवार्य सूचना बोर्ड न लगाना कानूनन अपराध है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि तंबाकू विक्रेताओं को कोटपा एक्ट 2003 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिनियम की धारा 4 के तहत सभी सार्वजनिक स्थानों पर “धूम्रपान रहित क्षेत्र” का बोर्ड स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है, जिसमें उल्लंघन की स्थिति में 200 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसी प्रकार धारा 5 के अंतर्गत तंबाकू उत्पाद बेचने वाले प्रत्येक प्रतिष्ठान पर “तंबाकू से कैंसर होता है” जैसी चेतावनी लिखी होना आवश्यक है। साथ ही धारा 6 के तहत 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना तथा किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 गज के दायरे में तंबाकू की बिक्री करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। धारा 7 के अनुसार बिना वैधानिक चित्रित चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी दंडनीय अपराध है। इस दौरान सभी पान ठेलों में आवश्यक चेतावनी बोर्ड (कोटपा एक्ट बोर्ड) का वितरण भी किया गया तथा दुकानदारों को भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में चक्रधर नगर क्षेत्र के आरक्षक एम. मिंज एवं रवि किशोर साय के नेतृत्व में सुश्री सीमा बरेठ (तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम प्रभारी), सविता रानी साय एवं संतोषी राज (ड्रग इंस्पेक्टर) की सक्रिय सहभागिता रही। जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर आगे भी लगातार ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे तंबाकू सेवन से दूर रहें और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

ABOUT EDITOR

Latest entries
जांजगीर चाम्पाMarch 18, 2026कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईव्हीएम – व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस का किया निरीक्षण
सक्तिMarch 18, 2026कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं
आज जनदर्शन में कुल 13 आवेदन हुए प्राप्त
सक्तिMarch 18, 2026कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
जिले के सभी छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए – कलेक्टर
विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से की गई समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश
रायगढ़March 18, 2026ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने पर जोर
रामनवमी सहित अन्य पर्वों की तैयारियों पर भी चर्चा

