मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिविरों में शिरकत, योजनाओं का लेंगे फीडबैक
कलेक्टर ने सभी पत्रकारों से समाधान शिविरों के प्रचार प्रसार के लिए किया अपील
एमसीबी/ 05 मई 2025
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुशासन तिहार 2025 के संबंध में प्रेस-वार्ता ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में सुशासन की स्थापना को लेकर लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन के हर स्तर पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता आए, योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो और इनका लाभ उन जरूरतमंद वर्गों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे, जिनके लिए योजनाएं बनाई गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी की मंशा के अनुरूप राज्य में सुशासन तिहार-2025 का आयोजन किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में कलेक्टर ने जिले के सभी पत्रकारों से समाधान शिविरों के ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने की अपील की, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, शासकीय योजनाओं की समीक्षा और निगरानी, विकास कार्यों में तेजी लाना और जनता, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार-2025 का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। पहला चरण 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित हुआ, जिसमें आम जनता से उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए हैं। आवेदन समाधान पेटी, शिविर और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिए गए हैं। आवेदन प्राप्त करने के लिए समाधान पेटी की व्यवस्था जिला और विकासखण्ड मुख्यालय स्तर पर की गई थी। उन्होंने बताया कि एमसीबी जिले में कुल 41 हजार 7 सौ तिरसठ आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें कुल लंबित आवेदन 17,451 हैं, वहीं 24,247 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है।
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने कहा कि सुशासन तिहार के दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों को स्कैन कर सॉफ्टवेयर में अपलोड कर संबंधित विभाग जिले के दोनों विधानसभाओं के जनपद और नगरीय निकाय के अधिकारियों को ऑनलाइन व भौतिक रूप से भेजकर उनके गुणवत्तापूर्ण निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। मांग से संबंधित आवेदनों को बजट की उपलब्धता के आधार पर निराकृत किया जा रहा है। आवेदनों के निराकरण की गुणवत्ता की समीक्षा जिला और राज्य स्तर पर की जा रही है। तीसरे एवं अंतिम चरण की शुरुआत 05 मई 2025 से हो रही है, जो 30 मई 2025 तक चलेगी। इस दौरान जिले के 8 से 15 ग्राम पंचायतों के बीच एक समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। नगरीय निकायों में भी शिविर लगाए जाएंगे। जिले में कुल 21 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिले के दोनों विधानसभा के इन पंचायतों में होगा समाधान शिविर
जिसमें भरतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कोटाडोल, कुंवारपुर, देवगढ़, कंजिया, भगवानपुर, माड़ीसरई, मैनपुर, रामगढ़ और सेमरिहा में समाधान शिविर होगा। वहीं खड़गवां विकासखंड के ग्राम पंचायत शिवपुर, रतनपुर, जरौंधा, दुबछोला, कोड़ा और आमाडांड में होगा। इसके साथ ही मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के केल्हारी, पाराडोल, नागपुर, कछौड़, कठौतिया और पेंड्री में समाधान शिविर संपन्न होगा।
इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों पर की गई विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। शिविरों में आवेदन भी लिए जाएंगे। विभागीय अधिकारी समाधान शिविरों में विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे। साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के आवेदन पत्र व प्रपत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। समाधान शिविरों में विकासखंड एवं अनुभाग स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिला स्तर से भी कुछ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह की व्यवस्था नगरीय निकायों के शिविरों में भी रहेगी।
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री गण, मंत्रीगण, मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी कुछ समाधान शिविरों में शामिल होंगे और आम जनता से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री विकास कार्यों और योजनाओं का औचक निरीक्षण भी करेंगे और योजनाओं के जमीनी लाभ के बारे में फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति, विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे और विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों से भेंट भी करेंगे।
कलेक्टर ने पत्रकार साथियों से सुशासन तिहार 2025 अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों के प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने की अपील की, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ ले सकें। इस अवसर पर सुशासन तिहार 2025 के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारी व जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ अपर कलेक्टर अनिल सिदार एवं मीडिया के विभिन्न प्रतिनिधि उपस्थित थे।
समाचार क्रमांक/1177/लोकेश
ABOUT EDITOR

Latest entries
जांजगीर चाम्पाMarch 18, 2026शिवरीनारायण के श्री महावीर भारत गैस संचालक से गैस उपभोक्ता परेशान । संचालक के द्वारा उपभोक्ताओ से की जा रही बदतमीजी बदसुलूकी बदजुबानी एवं दादागिरी ।
जांजगीर चाम्पाMarch 18, 2026कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईव्हीएम – व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस का किया निरीक्षण
सक्तिMarch 18, 2026कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं
आज जनदर्शन में कुल 13 आवेदन हुए प्राप्त
सक्तिMarch 18, 2026कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
जिले के सभी छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए – कलेक्टर
विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से की गई समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश

