धमतरी में अवैध धान पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 20,976 क्विंटल धान व 605 क्विंटल चावल जब्त
धमतरी में अवैध धान और चावल जब्त किया जा रहा है. कई राइसमिल को सील किया गया है. 31 जनवरी तक कार्रवाई जारी रहेगी.
धमतरी: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी चल रही है लेकिन इसी बीच बिचौलिए और मुनाफाखोरी करने वाले लोग भी अपने करतूतों से बाज नहीं आ रहे. इनको सबक सिखाने प्रशासन ने भी कमर कस ली है. एक बार फिर जिला प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. एक राइसमिल से 20,976 क्विंटल धान व 605 क्विंटल चावल जब्त कर राइसमिल को सील कर दी गई है.
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी में अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल, नगरी द्वारा राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार देर शाम को गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स राइस मिल का निरीक्षण किया गया.

मिल में मिला अतिरिक्त धान, राइस मिल सील
बताया गया कि मिल के संचालक आसिफ मेमन हैं. निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में उपलब्ध स्टॉक पंजी का गहन परीक्षण किया गया और भौतिक सत्यापन के माध्यम से धान और चावल की वास्तविक मात्रा का मिलान किया गया. जांच में मिल परिसर में दर्ज स्टॉक की तुलना में धान की मात्रा 269 क्विंटल ज्यादा पाई गई. यह अतिरिक्त मात्रा धान खरीदी वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अवैध परिवहन एवं भंडारण की आशंका को दर्शाती है, जिसे गंभीर अनियमितता माना गया.
संयुक्त दल ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मिल परिसर में उपलब्ध कुल 20,976 क्विंटल धान एवं 605 क्विंटल चावल को जब्त किया. आगे की जांच एवं वैधानिक प्रक्रिया के लिए राइस मिल को सील बंद कर दिया गया.
सिरसिदा में प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम से 261 क्विंटल धान जब्त
इसी क्रम में बुधवार को राजस्व विभाग एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (SADO) की संयुक्त टीम ने कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा में स्थित प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान गोदाम में 261 क्विंटल धान (कुल 652 बोरियां) अवैध रूप से संग्रहित पाई गईं. संबंधित व्यापारी द्वारा धान के वैध क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके. प्रथम दृष्टया मंडी अधिनियम के उल्लंघन का मामला पाए जाने पर संबंधित प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की गई. संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से संग्रहित धान को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई तक व्यापारी के सुपुर्दगी में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच के बाद नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
31 जनवरी तक जारी रहेगी कार्रवाई
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शासन की धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसानों के हितों की रक्षा एवं समर्थन मूल्य प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की संयुक्त जांच एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी. उन्होंने सभी मिल संचालकों और व्यापारियों को शासन के नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ABOUT EDITOR

Latest entries
जांजगीर चाम्पाMarch 20, 2026मोबाइल चोरी कर मारपीट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर थाना शिवरीनारायण पुलिस की त्वरित कार्यवाही
सक्तिMarch 19, 2026ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के निराकरण हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना
रायगढ़March 19, 2026नशा: परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक
प्रशासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कर मुख्यधारा में जोड़ने किया जा रहा पहल
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश
नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में सर्वे शुरू
रायगढ़March 19, 2026तहसील पुसौर में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर
सैकड़ों ग्रामीणों ने सौंपे आवेदन, कई मामलों का मौके पर निराकरण
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ, खिले चेहरे
कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन, अधिकारियों को दिए निर्देश

